ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित निकाला गया, आरोपी शिकारी गिरफ्तार कर जेल भेजा
कोरबा।कोरबा जिले के लाफा जंगल में सूअर के शिकार के लिए लगाए गए तार के फंदे में एक तेंदुआ फंस गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने रात में विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के बाद पुनः जंगल में छोड़ दिया। इस मामले में एक आरोपी शिकारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
डीएफओ कुमार निशांत ने बताया कि तेंदुए के फंसने की सूचना मिलने पर तत्काल ट्रेंकुलाइजेशन की अनुमति मांगी गई। रायपुर से अनुमति मिलने के बाद वे स्वयं, डॉ. चंदन और कानन पेंडारी जू बिलासपुर की रेस्क्यू टीम के साथ मंगलवार रात करीब 10 बजे मौके पर पहुंचे।
फंदे में फंसा तेंदुआ लगातार छटपटा रहा था, जिसे देखते हुए पहले उसे ट्रेंकुलाइज कर बेहोश किया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
तेंदुए के पेट और पिछले हिस्से में चोटें आई थीं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया। निगरानी के बाद बुधवार शाम उसे उसी क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
इस बीच अचानकमार टाइगर रिजर्व से आई डॉग स्क्वाड टीम ने जांच के दौरान नगोई भाठा निवासी विजय कुमार गोड़ (37) को गिरफ्तार किया। तलाशी में शिकार में प्रयुक्त तार, फंदे और अन्य सामग्री बरामद हुई।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग ने लोगों से वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करने और शिकार जैसी अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
