मारपीट का बदला लेने पिता-पुत्रों ने युवक पर किया ब्लेड से हमला

सिर पर गहरा वार; तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

कोरबा-पाली।पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोलमी में मारपीट का बदला लेने के नाम पर पिता और उसके दो पुत्रों द्वारा एक युवक पर बेरहमी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक के सिर पर सेविंग ब्लेड से वार कर दिया, जिससे उसका सिर गहरे तक फट गया। घायल का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाली में जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुभाष श्याम (27 वर्ष), पिता कैलाश श्याम, निवासी ग्राम पोलमी, रोजी-मजदूरी का कार्य करता है। घटना 9 फरवरी की शाम करीब 7 बजे की है। उसका भाई वीरेंद्र श्याम अपने मित्र अनिल कुमार के साथ प्राथमिक स्कूल की ओर से घर बीचपारा, पोलमी लौट रहा था।

इसी दौरान गांव के ही आकाश डिक्सेना,आशीष डिक्सेना एवं उनके पिता हरी डिक्सेना वहां पहुंचे और वीरेंद्र श्याम से गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि हरी डिक्सेना ने कहा कि तुम लोगों ने मेरे बेटे आकाश के साथ मारपीट की है।

इसके बाद वीरेंद्र को जान से मारने की धमकी दी गई।

आरोपियों में आकाश डिक्सेना ने सेविंग ब्लेड से वीरेंद्र के सिर पर वार किया, जबकि आशीष और हरी डिक्सेना ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में पीड़ित को सिर, गले और पेट में चोटें आई हैं।

घटना की रिपोर्ट सुभाष श्याम द्वारा दर्ज कराई गई है। पाली पुलिस ने आरोपियों आकाश डिक्सेना, आशीष डिक्सेना एवं हरी डिक्सेना के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।