पीडीएस राशन भी किया चट,ग्रामीण पेड़ों के नीचे शरण लेने को मजबूर
कोरबा (कटघोरा)। कटघोरा वनमंडल के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कटोरी नगोई के आश्रित ग्राम धोबीबारी में बीते 5-6 दिनों से लगभग 50 जंगली हाथियों का दल भारी उत्पात मचा रहा है। हाथियों के लगातार हमलों से गांव के करीब 10 परिवार बेघर हो गए हैं। कच्चे मकानों को तोड़ दिया गया है और ग्रामीण जान बचाने के लिए जंगल में पेड़ों के नीचे शरण लेने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो सप्ताह से हाथियों की आवाजाही बढ़ी हुई है। प्रतिदिन शाम लगभग 4 बजे झुंड गांव में प्रवेश कर नुकसान पहुंचाता है। 11 फरवरी को हाथियों ने तीन बकरियों और एक गाय को मार डाला। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए दूर तक भागे।
हाथियों के हमले में फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। वहीं सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से मिला राशन भी हाथियों ने खा लिया, जिससे गांव में खाद्यान्न संकट गहरा गया है। पंडों, रजवार, गोंड और धोबी समुदाय के परिवार खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को विवश हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि विभागीय अमला मौके पर पहुंचता तो है, लेकिन हाथियों को गांव से दूर करने के ठोस उपाय नहीं किए जा रहे हैं। पड़ो समाज के मुखिया सुंदर पड़ो ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा जनहानि की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, मुआवजा और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















