कोरबा। करतला थाना पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी अमृतलाल अघरिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के गांव में छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। उसे आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि प्रकरण क्रमांक 17/2026 में आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने विवाह का झांसा देकर लंबे समय तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। कई बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
जब पीड़िता ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी द्वारा उसे धमकाया जाने लगा।
पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी और निगरानी बढ़ा दी गई थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बाहर से लौटकर अपने गांव में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
