कोरबा।छुरीकला नगर पंचायत में अध्यक्ष पति पर दबंगई और उप अभियंता से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गोड़मा नाला के पास स्थित एक व्यावसायिक परिसर के सामने की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत छुरीकला में निर्मित अटल परिसर के निर्माण कार्य का भुगतान लंबित होने को लेकर विवाद चल रहा है। ठेकेदार अनिल अग्रवाल द्वारा भुगतान नहीं मिलने पर अनशन की चेतावनी दिए जाने के बाद अंतिम भुगतान संबंधी प्रतिवेदन तैयार किया गया था। इसी मसले को लेकर तनाव की स्थिति बताई जा रही है।
बताया गया है कि बुधवार को नगर पंचायत में पदस्थ उप अभियंता चंद्रप्रकाश जायसवाल अवकाश आवेदन देने कार्यालय गए थे। वहां से लौटते समय अध्यक्ष के पति प्रीतम देवांगन ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद उन्हें वाहन से उतारकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। मारपीट की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना के संबंध में उप अभियंता द्वारा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है या नहीं, इसकी जानकारी समाचार लिखे जाने तक नहीं मिल पाई थी। विवाद की मुख्य वजह भुगतान को लेकर नाराजगी बताई जा रही है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















