किराया बकाया पर निगम की कार्रवाई, 5 दुकानें सील

कोरबा।नगर निगम कोरबा ने किराया बकाया रहने पर अपनी आबंटित पांच दुकानों को सील कर दिया है। यह कार्रवाई बुधवारी बाजार और रविशंकर नगर क्षेत्र में की गई।

निगम के संपदा अधिकारी ने बताया कि संबंधित दुकानदारों द्वारा लंबे समय से किराया जमा नहीं किया जा रहा था। पूर्व में राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारियों और जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए गए थे कि बकायादार दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। निर्देशों के पालन में टीम ने जांच कर पांच दुकानों को सील कर दिया।

निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा है कि बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य को समयसीमा में प्राप्त करने पर जोर दिया गया है।

निगम प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी बकाया किराया नहीं चुकाने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।