कोरबा।नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं की प्रगति में सुस्ती स्वीकार्य नहीं होगी और कार्य परिणामोन्मुखी होना चाहिए।
सरकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरणों, जनशिकायतों, टी.एल. प्रकरणों तथा जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का निराकरण समयसीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और सड़क रोशनी से संबंधित कार्यों पर सतत निगरानी रखने को कहा।
बैठक में जोन कमिश्नरों, प्रभारी अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के ए.एच.पी. घटक के अंतर्गत निर्मित आवासों एवं हितग्राहियों के व्यवस्थापन की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।
आयुक्त ने समस्त सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों के सुचारू और त्रुटिरहित संचालन सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक मरम्मत कार्य कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने साप्ताहिक समीक्षा, जनदर्शन और जनसमस्याओं से संबंधित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा,अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ,उपायुक्त बी.पी.त्रिवेदी,लेखाधिकारी भवकांत नायक, जोन कमिश्नर भूषण उरांव,प्रकाश चन्द्रा,एन.के.नाथ, अखिलेश शुक्ला, लीलाधर पटेल, सुनील टांडे, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, तपन तिवारी, संपदा अधिकारी अनिरुद्ध सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















