कोरबा।800 मेगावाट क्षमता वाले कोरबा स्थित अदानी पावर प्लांट के प्रस्तावित विस्तार से पहले परियोजना प्रभावितों ने रोजगार और पुनर्वास से जुड़े पुराने वादों को पूरा करने की मांग तेज कर दी है। प्रभावितों ने प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में लैंको अमरकंटक पावर प्रोजेक्ट द्वारा वर्ष 2012-13 में तीसरी और चौथी इकाई के विस्तार के दौरान स्थानीय प्रभावितों को रोजगार, चिकित्सा और शिक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। प्रभावितों का आरोप है कि इन वादों पर अमल नहीं हुआ। बाद में प्लांट बंद हो गया और वर्तमान में इसका स्वामित्व अदानी पावर के पास है।
प्रभावित परिवारों की चिंता है कि पूर्व में किए गए वादों की जिम्मेदारी कौन निभाएगा। उन्होंने मांग की है कि वर्तमान कंपनी प्रबंधन और जिला प्रशासन के साथ बैठक कर स्थिति स्पष्ट की जाए। सरगबुंदिया, अमलीभाटा, संडेल, खोड्डल, पहंदा और बरीडीह सहित परियोजना क्षेत्र के प्रत्येक प्रभावित परिवार को रोजगार सुनिश्चित करने के लिए ठोस और लिखित कार्ययोजना बनाई जाए।
साथ ही पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना नीति को पारदर्शी ढंग से लागू करने और पूर्व दायित्वों की पूर्ति तक विस्तार की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग भी की गई है। प्रभावितों का कहना है कि जब तक पुराने आश्वासन पूरे नहीं होते, तब तक नए विस्तार कार्य को आगे बढ़ाना उचित नहीं होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















