दुष्कर्म के आरोप में दर्ज है एफआईआर, निगरानी में लगे थे दो आरक्षक; सीएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई की कही बात
कोरबा।मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती एक आरोपी की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप का सामना कर रहा पवन महतो अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती है। इस बीच सामने आई तस्वीरों में वह मोबाइल पर बात करते और गुटखा खाते नजर आ रहा है। तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस अभिरक्षा में उसकी निगरानी और सुरक्षा में तैनात जवानों की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पवन महतो के खिलाफ सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज है।
बताया जा रहा है कि वह अडानी कोरबा पावर प्लांट में कार्यरत है। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के कारणों और उसकी चिकित्सकीय स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उसे अस्पताल में भर्ती किए जाने की वजह की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दो आरक्षकों की तैनाती के बावजूद उठे सवाल
बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती आरोपी की निगरानी के लिए दो आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके बावजूद उसकी मोबाइल पर बात करते और गुटखा खाते हुए तस्वीरें सामने आने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब यह जांच का विषय है कि आरोपी के पास मोबाइल कैसे पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसकी गतिविधियों पर किस तरह नजर रख रहे थे।
जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
मामले को लेकर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने जांच की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किस तरह कर रहे थे और निगरानी में किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल में भर्ती आरोपी की गतिविधियों की तस्वीरें सामने आने के बाद अब पुलिस की जांच पर निगाहें टिकी हैं। जांच से ही स्पष्ट होगा कि निगरानी व्यवस्था में कोई चूक हुई है या नहीं और यदि लापरवाही पाई जाती है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















