बरबसपुर डंप यार्ड का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, प्रोसेसिंग व बाउंड्रीवाल निर्माण के निर्देश

कचरा प्रबंधन में सुधार, दुर्गंध रोकथाम व हरित विकास पर जोर

कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को बरबसपुर स्थित नगर पालिक निगम कोरबा के डंप यार्ड (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट केंद्र) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संग्रहित कचरे की प्रोसेसिंग, कंपोस्ट निर्माण प्रक्रिया तथा अनुपयोगी सामग्री के पृथक्करण के लिए स्थापित यूनिटों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिया कि कचरे को मशीनों तक पहुंचाने के लिए चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाए, जिससे कार्य में बाधा न आए। उन्होंने मशीनों के नियमित और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि बारिश के मौसम में भी कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए पूर्व तैयारी की जाए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने डंप यार्ड परिसर के आसपास व्यापक पौधरोपण कर हरित वातावरण विकसित करने, बाउंड्रीवाल निर्माण को प्राथमिकता देने तथा कचरे से उत्पन्न दुर्गंध की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, निगम इंजीनियर राहुल मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।