पार्ट-वन व पार्ट-टू की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, मार्च तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश
कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को दादरखुर्द स्थित निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, शेष कार्यों और गुणवत्ता मानकों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाएं। उन्होंने पेंटिंग, इंटीरियर एवं अन्य लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि हितग्राहियों को आवास हस्तांतरण से पूर्व सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
कॉलोनी के पार्ट-वन एवं पार्ट-टू में कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने और प्रतिदिन प्रगति की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
साथ ही विद्युत विभाग को कॉलोनी में समुचित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि भविष्य में निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने निर्देशित किया कि मार्च माह तक आवास निर्माण सहित विद्युत एवं अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, सीडीएम सरोज महिलांगे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क व विकास कार्यों का भी लिया जायजा
निरीक्षण क्रम में कलेक्टर ने तहसील रोड और बाईपास रोड (मंडी से आरएसएस नगर मार्ग) का निरीक्षण कर सड़क निर्माण की स्थिति देखी। उन्होंने यातायात सुगमता सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने रिस्दी चौक, प्रस्तावित गौधाम क्षेत्र एवं विकसित किए जा रहे मियावाकी क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















