रोजगारोन्मुखी ट्रेड जोड़ने पर जोर, पीएम विश्वकर्मा व प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग की गुणवत्ता परखी
कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को लाइवलीहुड कॉलेज कोरबा का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रगति और हितग्राहियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए रोजगार मूलक ट्रेड प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पीएम विश्वकर्मा योजना अंतर्गत संचालित टेलर (दर्जी) एडवांस्ड कोर्स के हितग्राहियों से संवाद किया। हितग्राहियों ने बताया कि बुनियादी प्रशिक्षण के बाद उन्हें एक लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने अपना टेलरिंग व्यवसाय शुरू किया।
सभी हितग्राहियों का उद्यम पंजीयन पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में वे उन्नत प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षण अवधि में उन्हें प्रतिदिन 500 रुपये की दर से कुल 7,500 रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर ने बालको द्वारा संचालित सीजीपीएससी एवं सीजी व्यापमं की प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग ले रहे विद्यार्थियों से भी चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों की उपलब्धता, अध्ययन सामग्री और अन्य सुविधाओं का मूल्यांकन किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन का यह महत्वपूर्ण समय है, इसे व्यर्थ न गँवाएं। नियमित अभ्यास और मेहनत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहकर तैयारी करने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत वर्तमान में एक भी प्रशिक्षण बैच संचालित न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और 10 दिनों के भीतर न्यूनतम तीन नए प्रशिक्षण बैच प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत कलेक्टर ने एनएसक्यूएफ मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रयोगशालाओं की स्थापना करने तथा डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, ड्राइवर, फिटर, वेल्डर जैसे जॉब-ओरिएंटेड ट्रेड शुरू करने के निर्देश दिए।
साथ ही कॉलेज परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने, अनुपयोगी सामग्री की नीलामी कराने और सभी कक्षाओं में नेमप्लेट लगाने के निर्देश भी दिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
