समर्पण दिवस पर गूंजा एकात्म मानववाद,पंडित दीनदयाल उपाध्याय को भाजपा का नमन

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा परम श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को प्रतिवर्ष “समर्पण दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इसी कड़ी में बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय, कोरबा में सादगी एवं श्रद्धा के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके पश्चात घंटाघर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विपणन एवं विकास संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष  गोपाल मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल राजनेता नहीं, बल्कि महान चिंतक, दूरदर्शी संगठनकर्ता और राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रखर प्रवक्ता थे। उनका “एकात्म मानववाद” का दर्शन आज भी भारत के समग्र और संतुलित विकास का मार्गदर्शक है।

उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण है।

सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज को जाति-पाति से ऊपर उठकर एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलन से ही व्यक्ति और राष्ट्र स्वस्थ रह सकता है। पंडित जी त्याग, सादगी और राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक थे।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर जोगेश लांबा, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर,जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।