दमहामुड़ा में चर्च की जमीन को लेकर विवाद, नामांतरण प्रक्रिया पर रोक की मांग

जनजातीय समाज ने तहसील कार्यालय पहुंचकर दर्ज कराई आपत्ति, प्रशासन ने कहा नियमानुसार होगी कार्रवाई

कोरबा।पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम दमहामुड़ा में बिलीवर्स चर्च के लिए खरीदी गई जमीन के नामांतरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नामांतरण की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी मिलते ही गांव के जनजातीय समाज के लोग विरोध में उतर आए और तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को लिखित आपत्ति सौंप दी।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित मिशनरी संस्था के लिए बिना ठोस आधार के जमीन खरीदी गई है। अब उस जमीन पर गतिविधियां शुरू किए जाने से जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने मांग की है कि जमीन की रजिस्ट्री और नामांतरण की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।

इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता वीरेंद्र मरकाम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन तहसील कार्यालय में जमा कराया।

तहसीलदार मानिकपुरी ने बताया कि जमीन खरीदी का मामला वर्ष 2015-16 के आसपास का है। संबंधित पक्ष द्वारा अब नामांतरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है, जिस पर ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण में नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जाएगी।