कोरबा।वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन, बाल्को एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कोरबा पूर्व स्थित मुख्य चिकित्सालय में प्रात: 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक नि:शुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में कर्मियों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अभियंता संजीव कंसल,अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुनील सरना एवं वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन, बाल्को से आए कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव गुप्ता का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर डॉ. गौरव गुप्ता ने कहा कि कैंसर से डरने की नहीं, बल्कि मिलकर लड़ने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि कैंसर शरीर में कोशिकाओं की अनियंत्रित वृद्धि है, जो किसी को भी प्रभावित कर सकती है। समय रहते जांच और सही चिकित्सकीय सलाह से इस गंभीर बीमारी का प्रभावी इलाज संभव है। उन्होंने पुरुषों और महिलाओं में सामान्य रूप से पाए जाने वाले कैंसर तथा उनके प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। समय पर पहचान और उपचार से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।कार्यक्रम का संचालन चिकित्सकीय सलाहकार डॉ. खरे ने किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
