कृषि चौपाल में किसानों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी,फ्लैगशिप योजनाओं की हुई समीक्षा

कोरबा।जिले में किसानों को कृषि एवं बागवानी विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने और नवाचारों के माध्यम से अधिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से सभी ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इन चौपालों के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं, अनुदान और तकनीकी मार्गदर्शन की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में इस संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि ग्रीष्म ऋतु में भू-जल स्तर में संभावित गिरावट को ध्यान में रखते हुए सिंचाई के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पंचायत, जल संसाधन, वन सहित संबंधित विभागों को निर्मित जल संरचनाओं की जानकारी जलशक्ति/जलभागीदारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन जनशिकायत, मानव अधिकार आयोग तथा कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने सभी विभागों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निराकरण कर संबंधित पक्ष को सूचित करने के निर्देश दिए।

शासन के निर्देशानुसार सभी विभागों में आधार-फेस आधारित बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को समय पर कार्यालय पहुंचने और अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

एनआईसी अधिकारी को प्रतिदिन की उपस्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।