कपिलेश्वरनाथ मंदिर में सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ संपन्न

कोरबा।आरएसएस नगर स्थित कपिलेश्वरनाथ मंदिर में आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा एवं रुद्र महायज्ञ का भव्य समापन मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। अंतिम दिवस वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया गया, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

आयोजक सुधा झा ने बताया कि आयोजन के सातों दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। शिव महापुराण कथा के दौरान कथा वक्ता पंडित श्री हनुमान दास महाराज ने भगवान शिव से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। आयोजन के दौरान आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिन्हें देखने बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।

अंतिम दिवस आचार्य नागेंद्र वाराणसी के सान्निध्य में विधिवत हवन-पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

समापन अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में आरएसएस नगर कपिलेश्वरनाथ महिला मंडल समिति की विशेष भूमिका रही।