कोरबा की बेटी इशिका यादव ने रंग झांझर अवार्ड 2025-26 में जीता सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब

कोरबा।छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत की चर्चित अभिनेत्री इशिका यादव ने रंग झांझर अवार्ड 2025-26 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म अभिनेत्री का प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया है। उन्हें यह सम्मान सुपरहिट छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर छंइहा भुईयां 3’ में शानदार अभिनय के लिए प्रदान किया गया।

छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले रंग झांझर अवार्ड में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाता है। पुरस्कार मिलने पर इशिका यादव ने खुशी जाहिर करते हुए आयोजक संस्था, फिल्म से जुड़े सभी साथियों और अपने शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इशिका ने कहा कि ‘मोर छंइहा भुईयां 3’ जैसी बड़ी फिल्म में काम करने का अवसर उन्हें प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक सतीश जैन ने दिया, जिसके लिए वे उनकी सदैव आभारी रहेंगी।

कोरबा निवासी इशिका यादव बीते कई वर्षों से छत्तीसगढ़ी सिनेमा में सक्रिय हैं और अपने दमदार अभिनय व निरंतर मेहनत से उन्होंने एक अलग पहचान बनाई है। लगातार सफल फिल्मों के चलते उन्हें प्रदेश की उभरती हुई सुपरस्टार्स में गिना जा रहा है।

इशिका यादव ने बताया कि इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के कई दिग्गज कलाकार शामिल हुए, जहां उन्हें विशेष सम्मान और पहचान मिली। उन्होंने कहा कि संघर्ष के बिना कोई भी सफलता संभव नहीं है। लक्ष्य तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत जरूरी होती है—चाहे क्षेत्र कोई भी हो।