केराझरिया में उद्यमिता जागरूकता शिविर आयोजित,युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की दी गई जानकारी

कोरबा।जिले के युवाओं एवं उद्यमियों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता शिविर का आयोजन 10 फरवरी 2026 को ग्राम पंचायत केराझरिया, विकासखण्ड पाली में किया गया।

यह शिविर प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवक-युवतियों एवं संभावित उद्यमियों ने भाग लिया।

शिविर में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा के प्रबंधक एवं पीएमएफएमई योजना के डीआरपी द्वारा प्रतिभागियों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

उन्होंने योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध सब्सिडी, ऋण सुविधाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा स्वयं का सेवा व्यवसाय एवं उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।

अधिकारियों ने बताया कि शासन की इन योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों के आधार पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए आवेदन प्रक्रिया एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।