कोरबा ।सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, कोरबा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की।
कार्यक्रम में जिला एनआईसी अधिकारी हेमंत जायसवाल ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर खतरों से बचाव, डेटा गोपनीयता तथा डिजिटल सतर्कता के महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और इसका शिकार कोई भी हो सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदिग्ध संदेश पर भरोसा न करें तथा ओटीपी, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में नागरिक नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल या टोल-फ्री नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज करें।
डिजिटल सुरक्षा पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारियाँ
कार्यक्रम के दौरान जिला आईटी टीम द्वारा साइबर जागरूकता, सोशल मीडिया सुरक्षा, बच्चों एवं संवेदनशील वर्गों की ऑनलाइन सुरक्षा तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सेफर इंटरनेट डे हर वर्ष फरवरी के दूसरे मंगलवार को विश्वभर में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य इंटरनेट और एआई के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाना है।
इसके अलावा भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा भी अपने मानकों और गतिविधियों की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में निगमआयुक्त आशुतोष पांडेय,जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग,अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना,सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, ईडीएम सुश्री शिखा राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















