प्रधानमंत्री मोदी के चरित्र पर घृणित पोस्ट सुनियोजित साज़िश, फेसबुक सीईओ पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग – नूतनसिंह ठाकुर

कोरबा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक, भ्रामक एवं घृणास्पद पोस्ट किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नगर निगम कोरबा के सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कोरबा को लिखित शिकायत सौंपते हुए दोषियों के साथ-साथ फेसबुक के जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में कहा गया है कि फेसबुक पर अनेक अज्ञात व फर्जी आईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के चरित्र पर बिना किसी तथ्य व प्रमाण के गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।

झूठे पोस्टों में उन्हें बच्चों के यौन शोषण के आरोपी जैफ्री एप्सटीन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो पूरी तरह भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण है।

सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने बताया कि बीते कुछ दिनों से फेसबुक पर तथाकथित “एप्सटीन फाइल” के नाम पर दर्जनों पोस्ट वायरल किए जा रहे हैं, जिनमें प्रधानमंत्री की तस्वीरों को एडिट कर विदेशी महिलाओं के साथ जोड़ते हुए अभद्र व घृणित टिप्पणियां की गई हैं।

Arvind Av Galchar, Shahir Khan Official, राव साहब, मलिक साहब, समाजवादी विचारधारा तथा Rudra Bhartsatya नामक फेसबुक आईडी से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट किए जाने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी साक्ष्य के प्रधानमंत्री के चरित्र पर लांछन लगाकर समाज में उनके प्रति असम्मान, नाराजगी और घृणा फैलाने की साजिश रची जा रही है। ऐसे पोस्ट को रोकने के बजाय फेसबुक प्लेटफॉर्म द्वारा इन्हें लाखों लोगों तक प्रसारित होने देना गंभीर चिंता का विषय है।

इससे कोरबा सहित पूरे राज्य में सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

नूतनसिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री की तस्वीरों का एडिट कर झूठे आरोपों के साथ प्रचार-प्रसार करना भारतीय न्याय संहिता के तहत गंभीर आपराधिक कृत्य है। इसके लिए फेसबुक इंडिया के सीईओ अजीत मोहन को प्राथमिक रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी लक्ष्मण पटेल, अशोक पाल, महेश्वर सिंह, हरिश्चंद्र भारती, दीपक साहू एवं उत्तम आदिले भी उनके साथ मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक कोरबा ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।