कोरबा में सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन: 260 बेटियों के हाथ हुए पीले, मुख्यमंत्री ने वर्चुअली और मंत्री देवांगन ने साक्षात दिया आशीर्वाद

कोरबा।कोरबा का सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड मंगलवार को खुशियों, संस्कारों और सामाजिक समरसता का साक्षी बना। छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में जिले के 260 जोड़े पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक बंधन में बंधे। यह आयोजन न केवल बेटियों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी सोच को भी साकार करता नजर आया।

मुख्यमंत्री का डिजिटल आशीर्वाद
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर से वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़कर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक जीवन की शुरुआत देने का सशक्त माध्यम है।

50 हजार की आर्थिक सहायता से मिली गरिमामयी विदाई
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने नववधुओं को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।

35,000 रुपये कन्या के बैंक खाते/चेक के माध्यम से,

7,000 रुपये वस्त्र व श्रृंगार सामग्री हेतु,

8,000 रुपये विवाह आयोजन व्यय के लिए शामिल हैं।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचा रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से 70 लाख से अधिक महिलाएं सशक्त हो रही हैं।

समावेशिता की मिसाल बना आयोजन
समारोह की विशेष बात यह रही कि इसमें 02 दिव्यांग जोड़े और 02 विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) के जोड़ों ने भी विवाह किया। प्रशासन द्वारा इन जोड़ों को विशेष सम्मान के साथ गृहस्थ जीवन में प्रवेश कराया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी मौजूदगी कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में वर-वधू पक्ष के परिजन उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि यह योजना समाज में फिजूलखर्ची, दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाने में सहायक है।