घर-घर भट्टियां, शाम होते ही शराबियों का जमावड़ा: नकटीखार में अवैध शराब से गांव में आक्रोश

कोरबा। नकटीखार में अवैध कच्ची शराब के उत्पादन और खुलेआम बिक्री से पूरा गांव उबाल पर है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कई घरों में बेधड़क कच्ची शराब बनाई और बेची जा रही है, जिससे गांव का सामाजिक माहौल पूरी तरह बिगड़ चुका है। शाम ढलते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिसके कारण महिलाओं और बच्चों में भय व असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई और ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि आबकारी विभाग की टीम शिकायत के बाद गांव पहुंचती जरूर है, लेकिन केवल औपचारिकता निभाकर बिना किसी ठोस कार्रवाई के वापस लौट जाती है। इससे अवैध शराब कारोबारियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि जब कोई ग्रामीण अवैध शराब के निर्माण या बिक्री का विरोध करता है, तो शराबी उल्टा अवैध शराब बनाने वालों का साथ देने लगते हैं, जिससे गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रहती है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम नकटीखार में अवैध शराब के इस गोरखधंधे पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांति बहाल हो सके और महिलाओं व बच्चों का जीवन सुरक्षित रह सके।

स्थानीय लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन की राह अपनाने को मजबूर होंगे।