संकल्प शक्ति से दूर होगा परीक्षा का डर : प्राचार्य अहीरे

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 4 में कक्षा 12वीं का विदाई समारोह संपन्न

कोरबा।पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 4, कोरबा में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य बी. एस. अहीरे, जी. आर. जांगड़े सहित शिक्षकों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

सरस्वती वंदना के पश्चात कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने विभिन्न गीतों पर मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य बी. एस. अहीरे ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि संकल्प शक्ति और आत्मविश्वास के माध्यम से परीक्षा के डर को दूर किया जा सकता है। निरंतर अभ्यास, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच से सफलता निश्चित है।

कार्यक्रम में संजय कुमार राजपूत ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का सफल संचालन स्तुति, अन्वेषा गुहा, पियूष वर्मा एवं अक्षित सोनी ने किया। समारोह के अंत में शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।