मायके में रह रही पत्नी की निर्मम हत्या, शराबी पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल                                 

संतान न होने को लेकर विवाद, धारदार गेंती से किया जानलेवा हमला                     

कोरबा।कटघोरा थाना क्षेत्र के ढेलवाडीह स्थित गायत्री मोहल्ले में रविवार रात एक पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत पति ने मायके में रह रही अपनी पत्नी पर धारदार गेंती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।मृतका की पहचान रंजना यादव, निवासी ढेलवाडीह के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि रंजना का अपने पति तुलसी यादव से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह कुछ समय से मायके में रह रही थी। संतान न होने को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे।

रविवार रात करीब 9 बजे आरोपी तुलसी यादव शराब के नशे में पत्नी के मायके पहुंचा और उससे विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खोते हुए धारदार गेंती से रंजना के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। हमले में रंजना गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजन और मोहल्ले के लोगों ने तत्काल घायल महिला को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि आरोपी पति तुलसी यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।