11.11 लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद
कोरबा।दादरखुर्द क्षेत्र में एक बैंक अधिकारी के सूने मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर एवं थाना कोतवाली कोरबा की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 11.11 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के मुख्य प्रबंधक नवनीत नाथ ने चौकी मानिकपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे परिवार सहित रायपुर गए हुए थे। 7 फरवरी की रात घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर-बाहर लगे ताले टूटे हुए थे तथा घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी हो चुके थे। प्रारंभिक तौर पर चोरी गए सामान की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये आंकी गई थी।
मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदेह के आधार पर संजय वैष्णव और उसकी मां लव कुमारी से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण आरोपियों ने मधुर फाइनेंस में गिरवी रखे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फाइनेंस संस्था से संपर्क कर विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी आभूषण बरामद कर लिए।
कई मामलों में नामजद रहा है आरोपी संजय पुलिस के अनुसार आरोपी संजय वैष्णव के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों के मामले थाना बालकोनगर, सिविल लाइन रामपुर और कोतवाली कोरबा में दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 305(1) एवं 317(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















