कोरबा।ऊर्जाधानी कोरबा ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में टेनिस बॉल क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में शामिल स्व. केएल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट एक बार फिर खेल प्रेमियों के लिए रोमांच लेकर आ रहा है।
कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित यह बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट इस वर्ष अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जिससे उत्साह और भी चरम पर है।
कोरबा प्रेस क्लब के तत्वावधान में यह टूर्नामेंट 16 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन स्थल के रूप में प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी घंटाघर ओपन थिएटर मैदान को चुना गया है, जहां फ्लड लाइट की दूधिया रोशनी में रात्रिकालीन मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट को लेकर कोरबा प्रेस क्लब की प्रबंधकारिणी द्वारा व्यापक और विशेष तैयारियां की गई हैं।
कॉर्पोरेट और प्रशासनिक टीमें एक मंच पर
स्व. केएल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट की खास पहचान यह है कि यह कॉर्पोरेट जगत और प्रशासनिक इकाइयों को एक मंच पर लाता है। टूर्नामेंट में बालको, एनटीपीसी, सीएसईबी, अडानी पावर जैसे प्रमुख औद्योगिक उपक्रमों के साथ-साथ जिला प्रशासन, एसपी-11, मेयर-11 सहित विभिन्न शासकीय विभागों की टीमें हिस्सा लेंगी। यही कारण है कि यह टूर्नामेंट हर वर्ग में बेहद लोकप्रिय है और दर्शक पूरे वर्ष इसका इंतजार करते हैं।
इनामों की होगी भरमार, लाइव प्रसारण भी
भव्य आयोजन और आकर्षक पुरस्कार इस टूर्नामेंट की विशेषता रही है। प्रत्येक मैच में जीतने और हारने वाली दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों, कोच और अतिरिक्त खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसके अलावा टूर्नामेंट के समापन पर भी खिलाड़ियों के लिए विशेष पुरस्कार रखे गए हैं।
हर वर्ष की तरह इस बार भी टूर्नामेंट का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसे मैदान में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दर्शकों को दिखाया जाएगा।
कुल मिलाकर, स्व. केएल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का यह 21वां संस्करण खेल, उत्साह और रोमांच का यादगार संगम बनने जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
