सप्तदेव मंदिर में हिन्दू संगठनों की बैठक, सामाजिक-धार्मिक मुद्दों पर हुआ मंथन

कोरबा।शहर के सप्तदेव मंदिर परिसर में हिन्दू संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक में सामाजिक एवं धार्मिक विषयों पर गहन मंत्रणा की गई तथा कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में विशेष रूप से वर्षप्रतिपदा के आयोजन, समाज के समक्ष मौजूद धार्मिक एवं सामाजिक चुनौतियों तथा उनके समाधान को लेकर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधियों ने विभिन्न मुद्दों को संज्ञान में लाते हुए इन पर सरकार तक बात पहुंचाने का सुझाव दिया।

इसके साथ ही सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा आगामी माह बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित हनुमत कथा को सफल बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत सभी सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा के पाठ के साथ की गई। बैठक में सप्तदेव मंदिर ट्रस्टी अशोक मोदी, हिन्दू नारायणी सेना के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, आशीष सिंह, अस्मिता सिंह, विश्व हिन्दू परिषद के विजय राठौर, रणधीर पाण्डेय, राणा मुखर्जी, तरुण मिश्रा, सुरेश झा, मिथिलेश पाण्डेय, सुशील वर्मा, अखिलेश जायसवाल सहित विभिन्न हिन्दू संगठनों के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।