कोरबा।कटघोरा–सुतर्रा बायपास सडक़ के जीर्णोद्धार से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान सामने आई गंभीर गड़बड़ियों ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी सडक़ को नए सिरे से बनाया जा रहा है, परंतु गुणवत्ता से समझौते के आरोपों ने चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग द्वारा दिए गए ठेके में निर्माण मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
डामरीकरण के बाद जहां नियमानुसार बाहर से मिट्टी मंगाकर सडक़ के शोल्डर बनाए जाने चाहिए थे, वहां सडक़ किनारे की ही मिट्टी को जेसीबी मशीन से काटकर उपयोग किया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि इससे सडक़ की नींव कमजोर होगी और भविष्य में सडक़ के धंसने व टूट-फूट की आशंका बढ़ जाएगी।
इस पूरे मामले में लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है, क्योंकि न तो कार्य को रोका गया और न ही किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज की गई।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि समय रहते निर्माण कार्य की जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग न हो और जनता की उम्मीदें बर्बाद होने से बच सकें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
