खतरे को नजरअंदाज कर जर्जर पुल से गुजर रहे वाहन, प्रतिबंध के बावजूद जारी आवाजाही

कोरबा।कुदुरमाल क्षेत्र में हसदेव नदी पर बने सड़क पुल की अत्यंत जर्जर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। बावजूद इसके, नियमों की अनदेखी करते हुए दोपहिया और चारपहिया वाहन बेखौफ होकर पुल से गुजर रहे हैं, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

कई दशक पूर्व निर्मित यह पुल अब पूरी तरह से जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। पुल की सतह पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो चुके हैं, वहीं ऊपर बिछी लोहे की सरिया उभरकर बाहर आ गई है। ऐसे में इस पुल से गुजरने वाला हर वाहन और राहगीर खतरे में है।

प्रशासन द्वारा तकनीकी जांच के बाद पुल को अगले आदेश तक पूर्णतः प्रतिबंधित घोषित किया गया है। पुल के दोनों सिरों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन इसका असर लोगों पर दिखाई नहीं दे रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मरम्मत कार्य में हो रही देरी और शॉर्टकट रास्ते की चाह में पुल के दोनों ओर मिट्टी भरकर अस्थायी रास्ता बना लिया गया है। इसी के चलते खराब हालात के बावजूद चारपहिया वाहन भी यहां से गुजर रहे हैं।

मौके पर जब कुछ वाहन चालकों को रोककर पूछताछ की गई, तो अधिकांश का कहना था कि उन्हें पुल के जर्जर और प्रतिबंधित होने की जानकारी नहीं थी और वे पहली बार इस रास्ते से गुजर रहे हैं।

पुल में मौजूद गड्ढों और उभरी लोहे की सरिया को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां से गुजरना किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकता है, फिर भी लोग खतरे को नजरअंदाज कर रहे हैं।