कैंसर के सबसे बड़े कारण तंबाखू और गुटखा : डॉ. नागेन्द्र

कोरबा।आयुष विशेषज्ञ डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने कहा है कि तंबाखू, गुटखा, गुड़ाखू और जंक फूड कैंसर के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन घातक आदतों से दूरी बनाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। डॉ. शर्मा यह बात विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जैजैपुर में आयोजित जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर में कही।

यह शिविर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं पतंजलि के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर परामर्श एवं उपचार का लाभ लिया। शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि जो पदार्थ जीवन के लिए घातक हैं, उनसे हर हाल में बचना चाहिए।

उन्होंने नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाते हुए लोगों से आग्रह किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। साथ ही उन्होंने बताया कि हल्दी, गिलोय, नीम, तुलसी, अदरक, लहसुन एवं व्हीटग्रास का नियमित सेवन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में सहायक हो सकता है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में पतंजलि आरोग्य केंद्र जैजैपुर के संचालक सुरेंद्र यादव सहित नेत्रनन्दन साहू, अश्विनी बुनकर, लक्की यादव एवं सरिता यादव का विशेष सहयोग रहा।