कोरबा। कोरबा-पश्चिम बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत शुक्लाखार में बाइक चोरी कर फरार हो रहे एक आरोपी ने तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए एक युवती को ठोकर मार दी। घटना के बाद आरोपी जंगल की ओर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की, बाद में डायल 112 को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी की बाइक लेकर भाग रहा था और पीछा किए जाने के डर से तेज गति से वाहन चला रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही डायल 112 में तैनात आरक्षक क्रमांक 114 सतीष राठौर मौके पर पहुंचे, भीड़ को नियंत्रित किया और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि कथित आरोपी को थाना ले जाया गया।
इस संबंध में बांकीमोंगरा थाना अंतर्गत ग्राम देवरी निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई है। प्रार्थी ने बताया कि वह वाहन चालक है और रोज की तरह गेवरा खदान से काम कर दोपहर करीब 3.30 बजे अपने दोपहिया वाहन से घर लौट रहा था। तेंदुकोना मोहल्ला पुल के पास देवरी रोड पर लघुशंका के लिए रुका था, जहां वह गलती से बाइक में चाबी लगी छोड़ गया। इसी दौरान एक बाइक में सवार तीन युवक वहां पहुंचे और रास्ता पूछने के बहाने बातचीत करने लगे। जैसे ही प्रार्थी थोड़ा आगे गया, उनमें से एक युवक उसकी बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया।
प्रार्थी के अनुसार, उसने शोर मचाकर पीछा किया और अपने चाचा को फोन कर चांदनी चौक के पास रोकने को कहा।
जब आरोपी चांदनी चौक पहुंचा तो उसे रोकने के प्रयास में वह एक युवती को ठोकर मारकर भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पीछा कर शुक्लाखार के पास उसे पकड़ लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी देते हुए उप निरीक्षक एवं वर्तमान थाना प्रभारी नंदलाल टंडन ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटर साइकिल, अपराध में प्रयुक्त धारदार चाकू तथा 14 अलग-अलग वाहनों की चाबियां जब्त की गई हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 29/26 धारा 303(2), 3(5), 25, 27 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। बांकीमोंगरा पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किए जाने का दावा किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
