रजत जयंती समारोह में 25 उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र, बिजली योजनाओं की दी गई जानकारी

कोरबा।नगर संभाग कोरबा अंतर्गत बुधवार को रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्युत उपभोक्ताओं को सम्मानित करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में अलग-अलग श्रेणियों के 25 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा तथा वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद राकेश वर्मा उपस्थित रहे। वहीं पंप हाउस वार्ड के पार्षद रामकुमार साहू और व्यापारी प्रकोष्ठ के सह-संयोजक संजीव शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अतिथियों ने प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उपभोक्ताओं से विद्युत वितरण कंपनी की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं हितग्राहियों के स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात पोड़ीमार जोन के इंजीनियर कृष्ण चंद्र जोशी ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी की प्रमुख योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, केजेजेवाई, घरेलू एवं गैर-घरेलू कनेक्शन, एकल बत्ती योजना सहित अन्य योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया और लाभों की जानकारी उपभोक्ताओं को दी।

कार्यक्रम के दौरान आदर्श उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल भुगतान एवं सुरक्षित विद्युत उपयोग के प्रति प्रेरणा मिले।

अतिथियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है, जब उपभोक्ता जागरूक रहकर नियमों का पालन करें।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में तुलसीनगर जोन कोरबा एवं पोड़ीमार जोन कोरबा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम का मंच संचालन यशवंत राठौर, तकनीशियन (वितरण) द्वारा किया गया।