बाईचुंग भूटिया से मिला मार्गदर्शन, कोरबा के फुटबाल खिलाडिय़ों का बढ़ा हौसला

कोरबा।भारतीय फुटबॉल के दिग्गज और पूर्व अंतरराष्ट्रीय स्ट्राइकर बाईचुंग भूटिया ने कोरबा पहुंचकर स्थानीय फुटबाल खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। टीपी नगर स्थित इंदिरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खिलाडिय़ों से संवाद किया और फुटबाल के तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया।

कोरबा जिले के खेल संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों द्वारा बाईचुंग भूटिया का जोरदार स्वागत किया गया। मैदान पर नन्हें खिलाडिय़ों ने पासिंग ड्रिल और प्रदर्शन मैच के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर भूटिया काफी प्रसन्न हुए।

खिलाडिय़ों से सीधा संवाद करते हुए बाईचुंग भूटिया ने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से छोटे शहरों और गलियों से भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल सकते हैं। उन्होंने बच्चों को खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया।

इस दौरान बाईचुंग भूटिया स्वयं भी बच्चों के साथ अभ्यास सत्र में शामिल हुए। स्थानीय खिलाडिय़ों ने कहा कि अपने समय के महान खिलाड़ी को अपने बीच पाकर उनसे फुटबाल की बारीकियां सीखना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। यह मार्गदर्शन भविष्य में खेल के मैदान पर उनके लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।