एनटीपीसी को मिले नए परियोजना प्रमुख, किशोर चंद्र पात्र संभालेंगे कमान

कोरबा।एनटीपीसी लिमिटेड ने किशोर चंद्र पात्र को एनटीपीसी कोरबा (2600 मेगावाट) परियोजना का नया परियोजना प्रमुख नियुक्त किया है। उन्होंने 4 फरवरी को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। पावर प्लांट संचालन, अनुरक्षण और परियोजना प्रबंधन के क्षेत्र में उन्हें लगभग 40 वर्षों का समृद्ध तकनीकी अनुभव प्राप्त है।

नियुक्ति से पूर्व श्री पात्र मुख्य महाप्रबंधक (संचालन एवं अनुरक्षण) के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने परिचालन विश्वसनीयता को सुदृढ़ करने, सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने तथा अनुरक्षण में उत्कृष्टता स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। अपने लंबे और विशिष्ट करियर में उन्होंने एनटीपीसी की कई प्रमुख परियोजनाओं एवं संयुक्त उपक्रमों में महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी जिम्मेदारियाँ निभाई हैं।

उन्होंने पश्चिम बंगाल के फरक्का, ओडिशा के तालचर कानीहा, एनबीपीपीएल (नोएडा), ईआर-2 मुख्यालय भुवनेश्वर और वल्लूर सहित एनटीपीसी की कई इकाइयों में सेवाएं दी हैं। एनबीपीपीएल में परियोजना प्रमुख के रूप में भी उन्होंने सफलतापूर्वक दायित्व निभाया। उनके नेतृत्व में संयंत्र प्रदर्शन, परिचालन दक्षता और सुरक्षा संस्कृति को मजबूती मिली।

यूसीई बुरला के पूर्व छात्र श्री पात्र ने वर्ष 1989 में एनटीपीसी में कार्यपालक प्रशिक्षु (यांत्रिक अभियांत्रिकी) के रूप में अपना करियर प्रारंभ किया था।

वे अपनी गहन तकनीकी दक्षता, जन-केंद्रित नेतृत्व शैली तथा सुरक्षा,सततता और उत्कृष्टता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में एनटीपीसी कोरबा के देश के प्रमुख विद्युत संयंत्रों में अपनी स्थिति और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।