कोरबा। केन्द्र सरकार द्वारा नीति आयोग के माध्यम से देश के सभी आकांक्षी जिलों एवं आकांक्षी विकासखंडों में 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक सम्पूर्णता 2.0 अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरबा विकासखंड में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के तहत कोरबा विकासखंड के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी डॉ. दीपक सिंह राज के मार्गदर्शन में 4 फरवरी, बुधवार को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर देवपहरी गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ग्रामीणों के लिए कैंसर जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया।



बैठक का उद्देश्य कैंसर के प्रति जनसमुदाय को जागरूक करना एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों और लोकोक्तियों को दूर करना रहा।
इस अवसर पर देवपहरी पंचायत की सरपंच श्रीमती हीराबाई राठिया, सरपंच पति एवं पूर्व सरपंच अमृतलाल राठिया की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सा सहायक एल.आर. गौतम एवं श्रीमती आर.बी. गौतम ने कैंसर रोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कैंसर एक गैर-संचारी रोग है, जो वर्तमान समय में सामान्य होते हुए भी अत्यंत भयावह बीमारी बन चुका है और यह किसी भी उम्र में स्त्री-पुरुष दोनों को हो सकता है।
चिकित्सा सहायकों ने कैंसर के लक्षण, पहचान, इसके विभिन्न चरण, संभावित परेशानियां, बचाव के उपाय तथा इसके सामाजिक, आर्थिक, शारीरिक और मानसिक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही यह संदेश दिया गया कि कैंसर से डरने की बजाय जागरूकता और समय पर जांच ही इसका सबसे प्रभावी समाधान है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से आरएचओ मधुसूदन देवांगन, मितानिन गीता मिश्रा, सविता मंझवार, समारी राठिया सहित गांव के प्रबुद्धजन सुखदास, जगतदेव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















