कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल की खदान में 170 फीट गहरी खाई में गिरने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर खदान से लगे कुदारी गांव निवासी 42 वर्षीय भगत कुमार मरावी बुधवार दोपहर कोयला चोरी करने खदान गया था। इसी दौरान कोयला निकालते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल लगभग 170 फीट नीचे जा गिरा, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे रहे। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण खदान पहुंचे तो उन्होंने नीचे उसका शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
बताया गया है कि मृतक एक पैर से दिव्यांग था और उसे मिर्गी की बीमारी भी थी। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। घटना के बाद से परिवार में कोहराम और गांव में शोक का माहौल है।
गौरतलब है कि मानिकपुर खदान के आसपास रापाखरा, कुदारी, ढेलवाडीह, दादर मानिकपुर, भिलाई खुर्द, सीतामणी और इमलीडुग्गू जैसे कई गांव स्थित हैं। इन इलाकों से खदान में कोयला चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















