बालको के खेल अकादमी में फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

100 से अधिक खिलाड़ियों को भूटिया ने सिखाए अनुशासन के गुर और तकनीकी बारीकियां

बालको। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की कोरबा स्थित खेल अकादमी में मंगलवार को भारतीय फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी, पूर्व राष्ट्रीय कप्तान, अर्जुन पुरस्कार एवं पद्मश्री से सम्मानित बाइचुंग भूटिया का प्रेरक दौरा रहा। इस अवसर पर उन्होंने अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे 100 से अधिक युवा खिलाड़ियों से संवाद किया और उन्हें अनुशासन, निरंतर अभ्यास, तकनीकी दक्षता तथा उच्च स्तरीय प्रदर्शन के गुर सिखाए।

बाइचुंग भूटिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि स्ट्रक्चर्ड ट्रेनिंग, मजबूत मानसिकता और अनुशासन से मिलती है। उन्होंने खुद को एक रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत करते हुए युवाओं को यह संदेश दिया कि छोटे शहर या सीमित संसाधन बड़े सपनों में बाधा नहीं बन सकते।

गौरतलब है कि बालको ने वर्ष 2024 में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और तैराकी जैसी खेल विधाओं में युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से इस खेल अकादमी की शुरुआत की थी। यह अकादमी एक रिहायशी एवं डे-बोर्डिंग स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर के रूप में संचालित की जा रही है, जिसे कोरबा नगर निगम, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा बालको के बीच हुए मैमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग के तहत स्थापित किया गया है।

विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, एनआईएस-प्रमाणित कोच, स्पोर्ट्स साइंस सपोर्ट, फिजियोथेरेपी एवं मेडिकल केयर के साथ-साथ दिन में छह बार संतुलित आहार देने वाली स्ट्रक्चर्ड न्यूट्रिशन योजना इस अकादमी की विशेषता है।

वर्तमान में यहां कोरबा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर के 100 से अधिक खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर बाइचुंग भूटिया का स्वागत आशुतोष पांडे आयुक्त,नगर निगम कोरबा,दीनू पटेल जिला खेल अधिकारी,विनय मिश्रा अपर आयुक्त सहित बालको के वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा किया गया।

युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बाइचुंग भूटिया ने कहा,“यह देखकर खुशी होती है कि यहां जमीनी स्तर पर खेलों के विकास के लिए उत्कृष्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। भारत के कई शीर्ष खिलाड़ी छोटे शहरों से निकले हैं। अनुशासन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत से कोई भी खिलाड़ी अपने सपनों को साकार कर सकता है।”

वहीं, आयुक्त आशुतोष पांडे ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसे प्रेरक दौरों से युवा प्रतिभाओं को न केवल मार्गदर्शन मिलता है, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

अकादमी की 17 वर्षीय फुटबॉल प्रशिक्षु सुगंधित लकड़ा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बाइचुंग भूटिया से मिलना सभी खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा और इससे उन्हें और अधिक मेहनत के साथ प्रशिक्षण लेने की प्रेरणा मिली।

बालको के सीईओ एवं डायरेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि बालको खेलों को संपूर्ण विकास का अहम माध्यम मानता है। खेल अकादमी जैसे प्लेटफॉर्म युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का अवसर प्रदान करते हैं।

खेल अकादमी के अतिरिक्त, बालको द्वारा सामुदायिक विकास के तहत विभिन्न क्षेत्रों में खेल सामग्री वितरण कर जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कंपनी का मानना है कि युवाओं का संपूर्ण विकास संगठनों, सरकारी संस्थाओं और समाज के संयुक्त प्रयास से ही संभव है।