स्वच्छता महासंकल्प से कोरबा रचेगा इतिहास, गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी

280 मीटर लंबे बैनर पर एक घंटे में 14 हजार से अधिक हस्ताक्षर का लक्ष्य

कोरबा।स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा एक नया इतिहास रचने की तैयारी कर रहा है। नगर निगम कोरबा द्वारा 6 फरवरी को एमपी नगर उद्यान में आयोजित स्वच्छता महासंकल्प कार्यक्रम के माध्यम से गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान एक ही बैनर पर एक घंटे की समय-सीमा में 14 हजार से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे।

इस महाअभियान के लिए 280 मीटर लंबा बैनर तैयार किया गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने करीब 5 घंटे तक मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कार्यक्रम का आयोजन उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत की अध्यक्षता तथा कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के विशिष्ट आतिथ्य में किया जाएगा। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के मार्गदर्शन में निगम प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।

बताया गया कि स्वच्छता महासंकल्प का पूर्व रिकॉर्ड उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के नाम दर्ज है, जहां एक घंटे में 7500 लोगों ने हस्ताक्षर किए थे। कोरबा इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतर रहा है।

14 जोन व 70 सेक्टर में होगी व्यवस्था
स्वच्छता शपथ एवं महासंकल्प कार्यक्रम 6 फरवरी को सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम स्थल को 14 जोन एवं 70 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन व सेक्टर में जोनल अधिकारी, सेक्टर अधिकारी, समन्वयक एवं वालंटियर्स तैनात रहेंगे, जो व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करेंगे।

6 स्थानों पर बनाए गए पार्किंग स्थल
कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए कुल 6 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। सेक्टर क्रमांक 01 से 11 तक के प्रतिभागियों के लिए मुड़ापार हेलीपेड (पार्किंग क्रमांक-01) निर्धारित किया गया है, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, निगम कर्मियों, वन विभाग, चेंबर ऑफ कॉमर्स, रेडक्रॉस सोसायटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, नमामी हसदेव से जुड़े लोग, आम नागरिक, पुलिस विभाग एवं बैंक कर्मियों के वाहन खड़े किए जाएंगे।

निगम प्रशासन ने सभी संबंधितों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और वहां से निर्धारित मार्गों का उपयोग करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचें, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।