11 घंटे की दहशत के बाद बांकीमोंगरा में स्पेक्ट्रल कोबरा का सफल रेस्क्यू

कोरबा।बांकीमोंगरा क्षेत्र में एक स्पेक्ट्रल कोबरा ने पटेल परिवार को करीब 11 घंटे तक दहशत में रखा। घर के एक कमरे में कोबरा के छिप जाने से परिजन सहमे रहे और रात भर भय के माहौल में समय बिताने को मजबूर हुए।

जानकारी के अनुसार पटेल परिवार के घर में अचानक कोबरा का प्रवेश हो गया। परिजनों ने उसे देख लिया, लेकिन अपने स्तर पर बाहर निकालने का प्रयास विफल रहा। स्थिति बिगड़ती देख डायल 112 को सूचना दी गई, पर वहां से भी तत्काल कोई सहायता नहीं मिल सकी।

अंततः रात करीब 10.30 बजे वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय रेस्क्यूर जितेन्द्र सारथी को सूचना दी गई। वे मौके पर पहुंचे और कमरे में रखे सामान को सावधानीपूर्वक हटाते हुए कोबरा को सुरक्षित रूप से काबू में लिया। रेस्क्यू के बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के सफल होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। उनका कहना था कि यदि और देर होती तो भय और परेशानी और बढ़ जाती। समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।