स्वच्छता शपथ में नया इतिहास रचने को तैयार कोरबा, गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर कदम

कोरबा।ऊर्जाधानी कोरबा को गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा ने व्यापक स्तर पर तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। इस ऐतिहासिक पहल में निगम के पार्षद अपने-अपने वार्डवासियों के साथ सक्रिय सहभागिता निभाएंगे।

आज महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सभापति नूतन सिंह ठाकुर एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में पार्षदों की बैठक लेकर आयोजन से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।

महासंकल्प 2026 के तहत नगर पालिक निगम द्वारा स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने एवं नया रिकॉर्ड स्थापित करने के लिए 6 फरवरी को प्रातः 10 बजे से महाराणा प्रताप गार्डन में वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन के दौरान मात्र एक घंटे की समयसीमा में 10 हजार से अधिक लोगों के हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य रखा गया है।

महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि लक्ष्य चुनौतीपूर्ण अवश्य है, लेकिन जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के सामूहिक सहयोग से इसे निश्चित रूप से हासिल किया जाएगा।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने जानकारी दी कि वर्तमान में स्वच्छता शपथ का रिकॉर्ड उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के नाम दर्ज है, जहां 7500 लोगों ने सहभागिता की थी।

उन्होंने कहा कि यदि वहां यह संभव हो सकता है, तो कोरबा में इससे कहीं अधिक संख्या जुटाना असंभव नहीं है। इसके लिए आम नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों से भी संपर्क किया गया है, जिन्होंने अभियान को गंभीरता से लिया है।

बैठक में सभी वार्डों के पार्षदों के साथ निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कोरबा को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का संकल्प लिया।