पथर्रीपारा में पुराने मकान की दीवार ढही, मलबे में दबकर मजदूर की मौत

कोरबा।सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथर्रीपारा बस्ती में पुराने मकान को तोड़कर नए निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान अचानक दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, साथ काम कर रहे चार अन्य मजदूर किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय नरेश मिरी, निवासी बरपाली के रूप में हुई है। बताया गया कि मकान मालिक द्वारा पुराने मकान की दीवार तोड़ने का कार्य कराया जा रहा था, जिसमें कुल पांच मजदूर लगाए गए थे। इसी दौरान अचानक दीवार गिर गई और नरेश मिरी मलबे में दब गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मलबे से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम किया है।

मृतक नरेश मिरी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन- पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। मृतक के छोटे भाई भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि नरेश अपने साथियों के साथ काम करने पथर्रीपारा आया था। हादसे के बाद अन्य मजदूर मौके से भाग गए।


पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर सुरक्षा उपायों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।