प्रभारी कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं व लंबित प्रकरणों की समीक्षा की

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर प्रभारी कलेक्टर एवं निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित फ्लैगशिप योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

प्रभारी कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजीएन जनशिकायत, मानव अधिकार आयोग एवं कलेक्टर जनदर्शन से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि लंबित पत्रों का परीक्षण कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदक को अनिवार्य रूप से दी जाए।

बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री पांडेय ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पीएम सूर्यघर योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके लिए वेंडरों की संख्या बढ़ाने एवं इंस्टॉलेशन कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।

इसके अलावा मुख्य सचिव की बैठक से संबंधित एजेंडों पर विभागवार चर्चा करते हुए भूमि अधिग्रहण, अवैध उत्खनन पर कार्यवाही, राजस्व प्रकरणों की प्रगति, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, पीएमजीएसवाय, स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएफओ निशांत कुमार, प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित जिले के सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।