विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को निखार रहा देवपुत्र बाल महोत्सव: गोपाल महेश्वरी

कोरबा।विद्याभारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़, रायपुर के अंतर्गत सरस्वती बाल कल्याण न्यास, इंदौर (म.प्र.) के तत्वावधान में देवपुत्र बाल महोत्सव का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, सीएसईबी कोरबा में किया गया।

आयोजन में जिले के छह विद्यालयों से लगभग 300 विद्यार्थियों ने सहभागिता की और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी बौद्धिक प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय वैदिक गणित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शुभांश देवांगन, आयुष राठौर एवं गौरव चौहान को पुरस्कृत किया गया।

समारोह देवपुत्र पत्रिका के संपादक गोपाल महेश्वरी के मुख्य आतिथ्य तथा डॉ. देवनारायण साहू, जुड़ावन सिंह ठाकुर, चंद्रकिशोर श्रीवास्तव एवं जोगेश लाम्बा के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर की।

मुख्य अतिथि गोपाल महेश्वरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे प्राचीन भारतीय संस्कार आज भी सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों के माध्यम से जीवंत हैं। यहां विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान की जा रही है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सच्ची लगन, कठिन परिश्रम और गुरूजनों के आशीर्वाद से ही किसी भी क्षेत्र में उच्च स्तर की सफलता प्राप्त की जा सकती है।

अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम के अंत में विभाग समन्वयक दीपक सोनी ने समस्त अतिथियों, आगंतुकों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिसके पश्चात प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर विभाग समन्वयक दीपक सोनी, गेंदराम राजपूत, अर्जुन पटेल, रविंद्र सराफ, गौरीशंकर कटकवार, नरेश जायसवाल सहित प्रगतिनगर, कुसमुण्डा, दर्री, बस स्टैंड एवं सीतामढ़ी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।