कोरबा।मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर), मनरेगा और धान खरीदी से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने संघर्ष का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के कोरबा जिला प्रभारी विजय केशरवानी ने टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की बैठक लेकर आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की।
बैठक को संबोधित करते हुए विजय केशरवानी ने कहा कि जिले में लगभग पौने तीन लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें नाम, सरनेम सहित छोटी-छोटी त्रुटियों के आधार पर 13 फरवरी तक दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं को भी बीएलओ द्वारा नोटिस थमाया गया है, जिससे आम लोग परेशान हैं और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ करनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि इसी तरह धान खरीदी प्रक्रिया में भी किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने तय किया है कि जनता को साथ लेकर सड़क पर उतरकर निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
बैठक में उपस्थित पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-7 का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया है। बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया गया, जिसे लेकर मामला पुलिस तक पहुंचा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हर हाल में मतदाता सूची को शुद्ध और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए संघर्ष करेगी। इस संबंध में उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी को निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पत्र भी प्रेषित किया है।
बैठक में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, शहर जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व सभापति श्याम सुंदर, पूर्व विधायक पुरूषोत्तम कंवर, वरिष्ठ नेता शेख इतियाक, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे।
इस अवसर पर सुरेश सहगल, एफ.डी. मानिकपुरी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
