कोरबा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने एवं सड़क सुरक्षा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक कार्ययोजना लागू की गई है।
इसी क्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पीएमजीएसवाई, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग (आरटीओ) एवं खनिज विभाग के अधिकारियों ने जिले के प्रमुख एवं संवेदनशील सड़क मार्गों की वर्तमान स्थिति तथा सुरक्षा सुधार कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैरा घाट, पोड़ीकला घाट, लैंगा स्कूल मार्ग, कुकरीचोली मार्ग, उरगा चौक, मड़वारानी ओवरब्रिज, जिला अस्पताल से गोढ़ी मार्ग, पुलिस लाइन से दीपका मार्ग, राताखर चौक एवं बजरंग चौक सहित कई दुर्घटना-प्रवण एवं अत्यधिक व्यस्त मार्गों की गहन समीक्षा की गई। सड़कों के चौड़ीकरण, मोड़ सुधार, क्रैश बैरियर स्थापना, रिफ्लेक्टर एवं संकेतक लगाने जैसे इंजीनियरिंग सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने की जानकारी दी गई।
निगम आयुक्त श्री पाण्डेय ने बैरा घाट एवं पोड़ीकला घाट जैसे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क किनारों की मजबूती, ढाल सुधार, कटाव रोकथाम एवं सुरक्षा उपायों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। लैंगा हायर सेकेंडरी स्कूल क्षेत्र में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पीड कंट्रोल उपाय, संकेतक बोर्ड एवं आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
कुकरीचोली मार्ग, उरगा चौक सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर गड्ढों, जलभराव एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर निगम एवं पीडब्ल्यूडी को त्वरित पैचवर्क, जल निकासी सुधार और नवीनीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं, राताखर चौक, बजरंग चौक एवं पुलिस लाइन क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर सख्ती बरतने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान भी व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। जिले के हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में निबंध, क्विज एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। आरटीओ द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत हेलमेट रैलियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को हेलमेट उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि बस एवं ऑटो चालकों के लिए विशेष स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें अब तक लगभग 180 चालकों की जांच की जा चुकी है। एसईसीएल एवं एनटीपीसी में भारी वाहन चालकों का ऑन-साइट परीक्षण अनिवार्य किया गया है।
दुर्घटनाग्रस्तों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन नागरिकों को पुलिस विभाग द्वारा सम्मानित किया जा रहा है। इसके अलावा सुरक्षा कारणों से जिले के सभी पेट्रोल पंपों में कम से कम 8 सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
निगम आयुक्त श्री पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभागों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, संवेदनशील स्थलों की साप्ताहिक समीक्षा करने एवं लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर,परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा,पीडब्ल्यूडी ईई जी.आर.जांगड़े,अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















