कोरबा। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के अंतर्गत युवाओं और इच्छुक उद्यमियों को स्व-रोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत सिंघिया, विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा में एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, कोरबा के प्रबंधक एवं पीएमएफएमई योजना के डीआरपी द्वारा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को स्वयं का सेवा व्यवसाय अथवा उद्यम स्थापित करने के लिए उपलब्ध सब्सिडी, ऋण सुविधाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं अन्य शासकीय लाभों के बारे में अवगत कराया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, भाजपा मंडल एवं जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सभापति चतुर्भुवन नायक, जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह एवं विष्णु यादव, ग्राम पंचायत सिंघिया के सरपंच मनोज टेकाम, उपसरपंच देव नारायण डिक्सेना, उमेश डिक्सेना सहित पंचगढ़, सिंघिया, मलदा एवं कोरबी पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















