कोरबा। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्ती और तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उरगा थाना पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है।
विशेष जांच अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत कुल 29 वाहन चालकों को मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी आरोपित चालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई।
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक की जान के लिए खतरा है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करता है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से पूरी तरह बचें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके और जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















