37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह पर बालको का जागरूकता अभियान, 5 हजार से अधिक लोग हुए शामिल

बालकोनगर।वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ थीम के तहत 37वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह व्यापक स्तर पर मनाया। पूरे माह चले इस जागरूकता अभियान के माध्यम से कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदारों और आसपास के समुदाय सहित 5,000 से अधिक लोगों को सड़क पर सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।

यह अभियान बालको के प्रचालन क्षेत्रों एवं समीपवर्ती समुदायों में संचालित किया गया, जिसमें सड़क अनुशासन, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटना रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रमों के तहत क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, फायर सेफ्टी डेमो, कर्मचारियों और स्कूली विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग व स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

सुरक्षित ड्राइविंग को प्रोत्साहित करने के लिए बालको ने नियमित वाहन चालकों हेतु ‘रोड रश’ नामक गेमिफाइड लर्निंग मॉड्यूल भी शुरू किया। वहीं, स्थानीय स्कूलों में जागरूकता सत्र और आपातकालीन प्रतिक्रिया अभ्यास आयोजित कर विद्यार्थियों को यातायात अनुशासन के प्रति सजग किया गया। सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कारपूलिंग चैलेंज भी रखा गया।

अभियान के अंतर्गत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से जुड़े भारी वाहन चालकों के लिए नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। इसके साथ ही आंतरिक सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु अचानक वाहन निरीक्षण भी किए गए।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा, बालको की ‘जीरो हार्म’ प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सुरक्षित यात्रा अनुशासन, जागरूकता और जवाबदेही का परिणाम होती है। कंपनी का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित न रहकर ऐसे व्यवहारिक बदलाव लाना है, जो जीवन की रक्षा करें।

बाल सदन स्कूल की छात्रा महक यादव ने कहा कि इन सत्रों से उन्हें सड़क नियमों की बेहतर समझ मिली है और अब वे यात्रा के दौरान खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं।
सशक्त सुरक्षा संस्कृति के निर्माण हेतु बालको ने एआई-सक्षम टी-पल्स एचएसएसई मॉनिटरिंग सिस्टम, सेंट्रलाइज्ड सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर, हॉट स्पॉट डिटेक्शन सिस्टम, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम और ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों को अपने प्रचालन में शामिल किया है।

इसके साथ ही ‘सेफ्टी स्टूवर्ड्स’ पहल के जरिए सुरक्षा के प्रति समर्पित कर्मचारियों और व्यावसायिक साझेदारों को सशक्त बनाया जा रहा है।

बालको वर्षभर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों, उनके परिवारों और समुदाय के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में कार्यरत है। सुरक्षा उत्कृष्टता के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली है।