कोरबा।छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला गया, जिसमें रायपुर सेंट्रल की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए एचटीपीएस कोरबा पश्चिम की टीम को 3-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता की मेजबानी इस वर्ष हसदेव ताप विद्युत संयंत्र, कोरबा पश्चिम द्वारा की गई।
फाइनल मुकाबले के बाद विजेता टीम रायपुर सेंट्रल एवं खिलाड़ियों को मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने विनर ट्रॉफी प्रदान की।
मेंस सिंगल मुकाबले में दुर्ग रीजन के रजनीश ओबेराय ने विजय हासिल की, जबकि एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के टी.पी. सिंह रनरअप रहे।
मेंस डबल में रायपुर सेंट्रल के प्रशांत बापट एवं अनुराग शर्मा की जोड़ी विजेता रही, वहीं एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के टी.पी. सिंह एवं बिलासपुर रीजन के समीर तिवारी को रनरअप खिताब मिला।
विमेन्स सिंगल वर्ग में रायपुर की दिव्या आमडे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दुर्ग की शोभना सिंह रनरअप रहीं।
रविंद्र सांस्कृतिक मंच के भवन में आयोजित इस अंतरक्षेत्रीय प्रतियोगिता में पॉवर कंपनीज की कुल सात टीमों ने भाग लिया। इनमें रायपुर सेंट्रल, दुर्ग रीजन, डीएसपीएम कोरबा पूर्व, एबीटीवीएस मड़वा, रायपुर रीजन, एचटीपीएस कोरबा पश्चिम एवं बिलासपुर रीजन की टीमें शामिल थीं।
समापन समारोह में विद्युत गृह के अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. पांडेय, केएनबी राव, एस.सी. पाठक, एस.के. नायर तथा परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए क्षेत्रीय क्रीड़ा सचिव अविनेश पाठक ने खेल समिति एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















